
नोएडा, गाजियाबाद : समेत पूरे एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। तेज हवाओं और बरसात से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है — सड़कों पर फिसलन, ट्रैफिक की रफ्तार धीमी और लोगों की दिनचर्या पर असर देखने को मिल रहा है। उधर उत्तर प्रदेश में भी मौसम का अजब खेल जारी है। कोहरे और ठंड के बीच अब बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी के कई जिलों में रविवार को 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आसमान में काले बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा और ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी रह सकती है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।1–2 फरवरी का ताजा पूर्वानुमान लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार: 1 फरवरी पश्चिमी यूपी में बादल छाए रहेंगे, कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी ठंड का असर जारी रहेगा। 2 फरवरी पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।