
सेफ इंटरनेट डे पर गौतमबुद्धनगर में वर्कशॉप, युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
नोएडा। नोएडा में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। एनआईसी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे ने की। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के तेजी से बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं, इसलिए सभी को सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है। इंटरनेट उपयोग में सावधानी और जागरूकता पर जोर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे ने कहा कि इंटरनेट अब रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, इसलिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और आम नागरिकों को भी साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताएं। उन्होंने बच्चों में मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों के इंटरनेट उपयोग पर निगरानी रखनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर पैरेंटल मॉनिटरिंग का इस्तेमाल किया जाए, ताकि बच्चे सुरक्षित डिजिटल वातावरण में रह सकें और पढ़ाई व सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान दे सकें।