टोंक में हाजियों को इजाजतनामा वितरण, हज प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

देश , NewsAbhiAbhiUpdated 06.04.26 IST
 टोंक में हाजियों को इजाजतनामा वितरण, हज प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
टोंक। जिले सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों और टोंक परगनात के छबड़ा, निम्बाहेड़ा, पिड़ावा तथा मध्यप्रदेश के सिरोंज क्षेत्र से हज पर जाने वाले हाजियों के लिए रविवार को निजाम बीड़ी फैक्ट्री में इजाजतनामा वितरण एवं हज प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हाजियों ने भाग लिया। हज गाइडेंस सोसायटी के अध्यक्ष मोईनुद्दीन निजाम ने बताया कि करीब 300 हाजियों को मक्का और मदीना स्थित धर्मशालाओं (रूबात) में ठहरने के लिए इजाजतनामे वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि ये इजाजतनामे पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान किए गए हैं, जिससे हाजियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलती है। उन्होंने जानकारी दी कि मक्का और मदीना में स्थित ये रूबात टोंक के पूर्व नवाबों की बेगमात द्वारा विशेष रूप से टोंक परगनात एवं भारत के हाजियों के लिए बनवाए गए थे। इन रूबातों में ठहरने की व्यवस्था नि:शुल्क रखी गई है, जिससे एक हाजी को लगभग 80 हजार रुपये तक की बचत हो जाती है। कार्यक्रम में हज यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। हज कमेटी जयपुर से आए ट्रेनर मोहम्मद शाहिद और प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिद ने हाजियों को यात्रा की तैयारियों, नियमों और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। इस आयोजन में मुफ्ती खिजर, मुफ्ती आदिल, मौलवी मिनहाज, हाजी मुश्ताक, असलम अंसारी, मतीन अंसारी, हबीब मैनेजर एवं जावेद अख्तर सहित अन्य लोगों ने अपनी सेवाएं दीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।

Recommended

Follow Us